home page

हिंदुओं के खिलाफ विधर्मियों के षड्यंत्र विफल करने के लिए स्वामी श्रद्धानंद के साहित्य का प्रचार-प्रसार करने की योजना

 | 
हिंदुओं के खिलाफ विधर्मियों के षड्यंत्र विफल करने के लिए स्वामी श्रद्धानंद के साहित्य का प्रचार-प्रसार करने की योजना


ऋषि मेले के दूसरे दिन युवाओं ने दिखाया शौर्य और कौशल, कल होगा समापन

अजमेर, 14 नवम्बर(हि.सं.)। हिंदुओं के खिलाफ विधर्मियों के षड्यंत्र को विफल करने के लिए आर्य समाज महर्षि दयानंद और स्वामी श्रद्धानंद के विचारों के प्रचार-प्रसार का अभियान तेज करेगा। इसके तहत विशेष रूप से स्वामी श्रद्धानंद के हिंदू संगठन संबंधी साहित्य का प्रकाशन किया जाएगा, ताकि उनके विचारों को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

परोपकारिणी सभा की ओर से ऋषि उद्यान में आयोजित तीन दिवसीय स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह के दूसरे दिन शनिवार को इस विषय पर विभिन्न सत्रों में चर्चा हुई। समारोह में स्वामी ओमानंद सरस्वती, पूर्व कुलपति डॉ. सुरेंद्र कुमार, विधायक अनिता भदेल, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती और परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि सहित कई विद्वानों ने अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह के दौरान व्यायामाचार्य यतींद्र शास्त्री के नेतृत्व में व्यायाम प्रदर्शन आयोजित किया गया। इसमें युवाओं ने तलवार, लाठी, भाला, मलखंभ, जूडो-कराटे और विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया। वहीं स्वस्ति आर्य ने बॉक्सिंग का प्रदर्शन करवाया। युवाओं ने पारंपरिक व्यायाम और आधुनिक खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) अजमेर प्रवीण गुगरवाल मुख्य अतिथि तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ और अतिरिक्त उप अधीक्षक शिवम जोशी विशिष्ट अतिथि रहे। गुरुकुल झज्जर के अध्यक्ष आचार्य विजयपाल भी उपस्थित रहे।

प्रवीण गुगरवाल ने स्वस्थ शरीर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को शिक्षा के साथ व्यायाम और योग को दिनचर्या में शामिल करने की बात कही। हिमांशु जांगिड़ और शिवम जोशी ने भी नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा के महत्व पर विचार रखे।

आचार्य विजयपाल ने गुरुकुल परंपरा में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। व्यायामाचार्य यतींद्र शास्त्री ने नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए कहा कि इससे साहस, एकाग्रता और आत्मबल का विकास होता है।

परोपकारिणी सभा के मंत्री कन्हैयालाल आर्य ने बताया कि तीन दिवसीय स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह का समापन रविवार को होगा। रविवार सुबह आयोजित सत्र के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष