हरिद्वार, पुष्कर व कोलायत में बीकानेर के श्रद्धालुओं का सैलाब : अमावस्या साेमवार काे
बीकानेर, 14 जून (हि.स.)। पुरुषोतम माह की सोमवती अमावस्या पर स्नान, ध्यान, पूजा अर्चना अर्चना करने के लिए बीकानेर के हजाराें की तादाद में श्रद्धालुओं ने हरिद्वार, पुष्कर व कोलायत में शनिवार-रविवार को ही डेरा डाल लिया। हरिद्वार मेें तो गीता भवन, कनखल स्थित बीकानेर के धनीनाथ गिरि मठ पंच मंदिर के अधिष्ठाता स्वामी सोमेश्वरा नंद भारती के नाम के सोमेश्वर धाम, महामंडलेश्वर संतोषी माता के आश्रम, मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार भवन सहित सभी होटले, भवन व धर्मशालाएं खचाखच भरी है। ऋषिकेश गीता भवन व परमार्थ भवन सहित कई धर्मशालाओं में श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए टेंट तनवाएं गए है।
बीकानेर से हरिद्वार व पुष्कर जाने वाली सभी रेलगाड़ियां व बसें यात्रियों से फूल है, किसी रेलगाड़ी में आरक्षण नहीं मिल रहा। बीकानेर के नत्थूसर गेट गोकुल सर्किल व पुष्करणा स्टेडियम के पास से करीब 20 बसें सहित समूचे बीकानेर से पुष्कर व हरिद्वार के लिए नियमित के साथ करीब 60 के करीब बसें रवाना हुई। बीकानेर से 50 पंडितों का दल शुक्रवार को रेलवे से हरिद्वार वेद मंत्रोच्चारण करते हुए रवाना हुआ था। वेद पाठी पंडितों का मीना वाधवानी ने सत्कार कर शुभ भावनाओं के साथ रवाना किया।
बीकानेर के लक्ष्मीनाथ मंदिर में अनेक बार कथा प्रवचन कर चुकी महामंडलेश्वर संतोषी माता के कनखल आश्रम में व बीकानेर के धनीनाथ गिरि मठ पंच मंदिर के अधिष्ठाता महामंडलेश्वर स्वामी विशोका नंद भारती की सोमेश्वर धाम में चल रही पुरुषोतम माह की विशेष कथा चल रही विशेष कथाएं सुनने के लिए बीकानेर के श्रद्धालु पिछले एक माह से वहां ठहर कर धर्म लाभ ले रहे है। सभी कथाओं व धार्मिक आयोजनों का समापन सोमवार को होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

