home page

सौभाग्य और समृद्धि की कामना के साथ गणगौर पूजन शुरू

 | 
सौभाग्य और समृद्धि की कामना के साथ गणगौर पूजन शुरू


जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। सौभाग्य और अखंड सुहाग की कामना के लिए महिलाओं की ओर से मनाया जाने वाला प्रमुख लोकपर्व गणगौर का गवर पूजन बुधवार से आरंभ हो गया।

परम्पराओं की नगरी जोधपुर में दो प्रकार की गवर (माता पार्वती) का पूजन किया जाता है। होली के दूसरे दिन से प्रारंभ होने वाला प्रथम गवर घुड़ला पूजन इस वर्ष ग्रहण के सूतक के कारण विधिवत पूजन बुधवार से शुरू हुआ, जो चैत्र शुक्ल तृतीया (गणगौर तीज) तक निरंतर चलेगा। गवर पूजन के अवसर पर विभिन्न घरों की तीजणियां किसी एक घर में एकत्र होकर सामूहिक रूप से इस लोकपर्व को मनाती हैं।

घुड़ला गवर पूजन के दौरान होली की भस्म और तालाब की पवित्र मिट्टी से सात पिण्डलियां बनाकर उन्हें पूजा स्थल पर स्थापित किया जाता है। दीवार पर गवर माता की प्रतिकृति उकेरी जाती है और 16 दिनों तक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। माहेश्वरी समाज की वरिष्ठ सदस्य गीता माछर ने बताया कि जोधपुर में बुधवार को सुबह गणगौर के पूजन और मंगल गीतों और संध्या आरती के साथ शुरू होकर यह भक्ति क्रम नियमित रूप से चैत्र शुक्ल तृतीया तक रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश