सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जोधपुर का परचम
लगातार छठी बार चैंपियन बनकर रचा इतिहास, ऋतिक और लेखिका बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
जोधपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का जयपुर में समापन हुआ। प्रतियोगिता में योगासन जोधपुर की टीम ने लगातार छठी बार चैंपियनशिप का खिताब जीतकर नया रिकॉर्ड कायम किया। नागौर उपविजेता तथा अजमेर तीसरे स्थान पर रहा।
योगासन जोधपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वरुण धनाडिय़ा ने बताया कि जोधपुर के खिलाडिय़ों ने विभिन्न आयु वर्गों एवं स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। सचिव गजराज शेखावत ने बताया कि सब-जूनियर वर्ग में लेखिका चौधरी ने ट्रेडिशनल योगासन एवं आर्टिस्टिक सिंगल में स्वर्ण पदक जीता। लेखिका चौधरी एवं परिणीति विश्नोई की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर और रिद्मिक पेयर में भी स्वर्ण पदक हासिल किए। जूनियर वर्ग में ऋतिक विश्नोई ने ट्रेडिशनल योगासन एवं आर्टिस्टिक सिंगल में स्वर्ण पदक जीता। ऋतिक विश्नोई एवं राजवीर विश्नोई की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर एवं रिद्मिक पेयर में स्वर्ण पदक हासिल किए।
इसी वर्ग में मान्या शर्मा ने आर्टिस्टिक सिंगल में रजत, डॉली ने ट्रेडिशनल योगासन में स्वर्ण पदक जीता। मेघा विश्नोई एवं मान्या शर्मा की जोड़ी ने रिद्मिक पेयर में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीनियर बालक वर्ग में अर्जुन परमार ने ट्रेडिशनल योगासन एवं आर्टिस्टिक सिंगल में स्वर्ण पदक जीते, जबकि अर्जुन परिहार ने आर्टिस्टिक सिंगल में रजत पदक हासिल किया। अर्जुन परिहार एवं अर्जुन परमार की जोड़ी ने रिद्मिक पेयर में स्वर्ण पदक जीता। उज्ज्वल एवं गर्व की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर में स्वर्ण पदक हासिल किया। सीनियर बालिका वर्ग में आर्यांशी स्वामी ने ट्रेडिशनल योगासन में स्वर्ण पदक जीता। अंजलि कुशवाहा एवं आर्यांशी की जोड़ी ने रिद्मिक पेयर में स्वर्ण पदक हासिल किया।
ईशा प्रजापति एवं सोनिया आचार्य की जोड़ी ने आर्टिस्टिक पेयर में रजत पदक तथा सोनिया आचार्य एवं लक्षिता मेवाड़ा की जोड़ी ने रिद्मिक पेयर में कांस्य पदक जीता। एकता प्रजापत ने आर्टिस्टिक सिंगल में रजत पदक हासिल किया। सीनियर बी वर्ग में विक्रम सोलंकी ने कांस्य पदक जीता। सीनियर सी वर्ग में वंदना शर्मा ने कांस्य तथा पुरुष वर्ग में धर्मेंद्र चौधरी ने रजत पदक हासिल किया।
योगासन जोधपुर के अध्यक्ष जयवर्धन सिंह उचियारड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में ऋतिक विश्नोई ने चार स्वर्ण पदक तथा बालिका वर्ग में लेखिका चौधरी ने भी चार स्वर्ण पदक हासिल किए। योगासन जोधपुर टीम के प्रशिक्षक यशदीप सिंह कच्छवाहा एवं टीम मैनेजर राघवेंद्र सिंह रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

