home page

साइबर ठगी से बचाव का संदेश देगा ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ अभियान

 | 
साइबर ठगी से बचाव का संदेश देगा ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ अभियान


जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस सितंबर माह को ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ जन-जागरूकता माह के रूप में मनाएगी। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर महीनेभर चलने वाले अभियान में आमजन को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी सहित साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।

अतिरिक्त डीजीपी साइबर क्राइम विजय कुमार सिंह के अनुसार अभियान के लिए राज्य स्तर पर एसपी-1 (R4C) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी जिला नोडल अधिकारी होंगे। पुलिस थानों के साइबर अपराध से जुड़े अधिकारी पेंशन विभाग के सहयोग से पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, निवेश ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताएंगे।

जिला कलेक्टर और शिक्षा विभाग के समन्वय से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, कार्यशाला, प्रश्नोत्तरी, सेमिनार और प्रतियोगिताएं होंगी। विद्यार्थियों की ओर से मानव श्रृंखला बनाकर भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा। बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे व मेट्रो स्टेशन, धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, ऑडियो-वीडियो संदेश और जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर तक अभियान पहुंचाया जाएगा।

युवाओं को जोड़ने के लिए साइबर स्वयंसेवकों, एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी रहेगी। आरएसी इकाइयों और खेल विभाग के सहयोग से दौड़ व साइकिल रैली भी आयोजित की जाएंगी। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तथा खेल और सिनेमा जगत की हस्तियों के माध्यम से वीडियो अपील जारी की जाएंगी। एफएम, टीवी, सिनेमा हॉल, केबल टीवी और डिजिटल डिस्प्ले के जरिए हिंदी व क्षेत्रीय भाषाओं में साइबर सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश