home page

संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

 | 
संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन


जोधपुर, 26 नवम्बर (हि.स.)। संविधान दिवस पर गुरुवार को शहर में विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इसके साथ ही कई कार्यक्रम भी आयोजित हुए।

संविधान दिवस पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नेतृत्व में जिला परिषद प्रांगण में राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने की शपथ ली गई। जिला परिषद के लेखाधिकारी अभिषेक गोयल, सहायक विकास अधिकारी करणसिंह बीका, मनोहरसिंह, नींबाराम, सहायक प्रशासनिक अधिकारी अशोक सान्दू सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर की सभी राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित संविधान पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत ने उपस्थित जनों को भारतीय संविधान की शपथ दिलवाई। इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सेवाराम कुमावत ने संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) का वाचन किया वहीं, निदेशक, शिक्षा डॉ. सुरेंद्र कुमार मूंड ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा से अवगत करवाया।

उन्होंने संविधान सभा की कार्यप्रणाली, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूलभूत सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन करते हुए एनएसएस इकाई प्रभारी डॉ. कमल किशोर सैनी ने विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और इसमें निहित लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रासंगिकता से भी अवगत करवाया।

राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर की ओर से अधिवक्ताओं के लिए संविधान दिवस के उपलक्ष्य में व्याख्यान का आयोजन राजस्थान उच्च न्यायालय स्थित ऑडिटोरियम में हुआ। एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अरूण झाझडिय़ा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधिपति मुकेश राजपुरोहित थे। उनका स्वागत एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी उपाध्यक्ष शीतल कुम्भट, महासचिव डॉ. अरुण कुमार झाझडिय़ा, सहसचिव डॉ. मिलाप चोपड़ा, पुस्तकालय सचिव कोमल आर. वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अक्षया शुक्ला, कृष्णकांत व्यास, आकांक्षा चौधरी, वीरमसिंह राजपुरोहित आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन पुस्तकालय सचिव कोमल आर. वर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन ने किया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कर उसमें निहित मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में मंडल कार्यालय के मंडल कार्यालय में रेल कर्मचारियों के लिए संविधान विषय पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में वित्त विभाग के राजपाल सिंह, राम खिलाड़ी मीणा ने प्रथम, कार्मिक विभाग के कैलाश सैनी, वित्त विभाग से विकास ने द्वितीय तथा वित्त विभाग के विनोद एवं अवधेश कार्मिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी सुनीता चौधरी द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन राजकुमार जोशी ने किया।

वहीं मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी परिसर में संविधान दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं, प्राचार्यों, फैकल्टी सदस्यों एवं अधिकारियों ने भारतीय संविधान की रक्षा, सुरक्षा और उसके मूल्यों के संरक्षण की शपथ ली। समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर एवं प्रेसिडेंट डॉ. जमील काजमी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शरफुद्दीन बेग, डीन - स्पोट्र्स एंड पब्लिक रिलेशन्स डॉ. सैयद मोईनुल हक के साथ ही विभिन्न संकायों के डीन, प्राचार्य, अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके आदर्शों और मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी विषय पर सारगर्भित विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अब्दुल्लाह खालिद ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश