श्रीकृष्ण जन्माष्टमी : गोपीनाथजी मंदिर में 151 किलो पंचामृत से होगा ठाकुर जी का अभिषेक
जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जयपुर शहर के पुरानी बस्ती स्थित श्री गोपीनाथजी मंदिर में भाद्रपद कृष्ण अष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के तहत मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। मंदिर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महंत एवं एकल प्रन्यासी सिद्धार्थ गोस्वामी के अनुसार मंदिर में फूल बंगला एवं विशेष झांकियां सजाई जाएंगी। इन दिनों शाम 6 से रात 9 बजे तक भजन संध्या भी होगी। जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन 4 सितंबर की रात 12 बजे होगा। इस दौरान श्री ठाकुरजी का विधि-विधान से 151 किलोग्राम पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। आयोजन में श्री गोपीनाथजी मंदिर के महंत एवं एकल प्रन्यासी सिद्धार्थ गोस्वामी का सानिध्य रहेगा।
मंदिर में दर्शनार्थियों का प्रवेश मुख्य द्वार से होगा। दोनों चौराहों पर श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थान पर पादुकाएं उतारकर मंदिर में प्रवेश करने की अपील की गई है। दर्शन के बाद निकासी मंदिर के पीछे स्थित बगीचे की ओर से होगी। श्रद्धालुओं के लिए निकासी के दो मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इनमें एक मार्ग जय लाल मुंशी के रास्ते तथा दूसरा जाट के कुएं की ओर रहेगा।
दर्शनार्थियों के लिए मंदिर में सागारी लड्डू की भी व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु आमजन सहयोग राशि देकर प्रसाद प्राप्त कर सकेंगे। मंदिर प्रशासन ने जन्माष्टमी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

