home page

विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का होगा सम्मान, प्रतियोगी विद्यार्थियों को मिलेगा मार्गदर्शन

 | 
विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों का होगा सम्मान, प्रतियोगी विद्यार्थियों को मिलेगा मार्गदर्शन


उदयपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। विप्र फाउंडेशन शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ, जोन-1ए उदयपुर के तत्वावधान में 12 जुलाई को प्रताप गौरव केंद्र, टाइगर हिल्स, बड़गांव में प्रातः नौ बजे से विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह एवं प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही आईएएस और आरएएस सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को विशेषज्ञों और चयनित अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा।

एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में विप्र फाउंडेशन जोन-1ए के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली होंगे। अध्यक्षता पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय संरक्षक धर्मनारायण जोशी करेंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिखवाल तथा शिक्षाविद् आर.एस. व्यास अति विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रमुख राष्ट्रीय महामंत्री के.के. शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री प्रमोद पालीवाल तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में विप्र समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, उच्च सेवाओं के अधिकारी, समाज के प्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी भाग लेंगे।

प्रदेश संयोजक डॉ. एच.आर. दवे ने बताया कि कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित होगा। पहले सत्र में दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा, राजकीय सेवाओं तथा अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

दूसरे सत्र में आईएएस एवं आरएएस जैसी उच्च सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों का विशेष सम्मान होगा। तीसरे सत्र में सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ और सफल अभ्यर्थी अपने अनुभव साझा करेंगे तथा तैयारी की रणनीति पर विस्तृत जानकारी देंगे।

उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं का सम्मान करने के साथ-साथ युवाओं को उच्च सेवाओं के लिए प्रेरित करना और उन्हें अनुभवी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से बेहतर दिशा प्रदान करना है। कार्यक्रम संयोजक पंकज शर्मा ने समाज के सभी लोगों, अभिभावकों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

प्रेस वार्ता में राजेश पालीवाल, नीरज नागदा, लोकेश पालीवाल, हरीश शर्मा, गोपाल मेहता मेनारिया, डॉ. मनीष तिवारी, दिनेश शुक्ला, डॉ. मनीष श्रीमाली, मधुसूदन पालीवाल, पुष्कर राज आमेटा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव