वर्दी पहनते-पहनते सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली, सीआई की माैत
भीलवाड़ा, 05 अगस्त (हि.स.)। भीलवाड़ा के सदर थाना प्रभारी (सीआई) लोकपाल सिंह राठौड़ का बुधवार को उदयपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। मंगलवार शाम अपने सरकारी आवास पर नाकाबंदी ड्यूटी के लिए तैयार होते समय उनकी सर्विस रिवॉल्वर से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई थी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम सदर थाना क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की ड्यूटी निर्धारित थी। लोकपाल सिंह अपने सरकारी आवास पर वर्दी पहनकर ड्यूटी के लिए तैयार हो रहे थे। इसी दौरान उनकी सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उनके सिर में लगी। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी पत्नी मौके पर पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा गंभीर रूप से घायल लोकपाल सिंह को तत्काल महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले रामस्नेही अस्पताल और बाद में उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल रेफर किया गया। भीलवाड़ा पुलिस ने देर रात भीलवाड़ा से उदयपुर तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें शीघ्र अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखकर उपचार किया, लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लोकपाल सिंह को उनके सरकारी आवास पर सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगी थी। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। मामले के प्रत्येक पहलू की तकनीकी, फॉरेंसिक एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच कराई जा रही है। लोकपाल सिंह वर्ष 2014 बैच के पुलिस अधिकारी थे। वे पिछले करीब दो वर्षों से भीलवाड़ा जिले में सेवाएं दे रहे थे। इससे पूर्व वे बिजौलिया और जहाजपुर थाना प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुके थे। हाल ही में उन्हें सदर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे अजमेर जिले के विजयनगर क्षेत्र स्थित नादसी गांव के निवासी थे। उनके परिवार में माता-पिता और तीन भाई हैं।
जानकारी के अनुसार उनकी पहली पत्नी से तलाक हो चुका था तथा करीब दो माह पूर्व उन्होंने दूसरा विवाह किया था। लोकपाल सिंह के निधन की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा सहित प्रदेश के पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मूलचंद

