home page

वर्तमान हालातों में ऊर्जा स्वरूपों का संरक्षण जरूरी: नरूका

 | 
वर्तमान हालातों में ऊर्जा स्वरूपों का संरक्षण जरूरी: नरूका


स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान का एक दिवसीय विचार वर्ग आयोजित

जोधपुर, 30 मई (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान का एक दिवसीय विचार वर्ग बासनी स्थित लघु उद्योग भारती सभागार में संपन्न हुआ।

इस विचार वर्ग में स्वावलंबी भारत अभियान के राजस्थान क्षेत्र के संयोजक लोकेंद्र सिंह नरूका ने कहा कि अभी पूरे विश्व में ऊर्जा का संकट खड़ा हो गया है। हमारा देश भी इससे प्रभावित है अत: हम सभी का यह परम कर्तव्य है कि सभी प्रकार के ऊर्जा स्वरूपों का हम संरक्षण करें। पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों का न्यूनतम उपयोग करना सुनिश्चित करें जिससे विदेशी मुद्रा की बचत हो और भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे।

भारत का फॉरेक्स रिजर्व संतुलित बना हुआ है लेकिन इसके लिए हमें अधिक से अधिक स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग अपने दैनिक जीवन में बढ़ाना होगा और आयातित सामानों का प्रयोग कम से कम करना होगा। स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉक्टर धर्मेंद्र दुबे ने कहा कि स्वदेशी आज हमारी आवश्यकता बन गई है। हम स्वदेशी विचारों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करें, स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक प्रयोग करें और देश को आत्मनिर्भर बनाएं।

इस विचार वर्ग में स्वदेशी एक्सपोर्टर फोरम के राष्ट्रीय महासचिव अनिल वर्मा, स्वदेशी जागरण मंच के जोधपुर प्रांत के प्रांत संयोजक प्रमोद पालीवाल, सहकार भारती से प्रांत मंत्री कमलेश गहलोत, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत से धर्मेंद्र सोनी, लघु उद्योग भारती से प्रमुख महिला मंजू सारस्वत और स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत प्रचार प्रमुख मिथिलेश झा, सह प्रचार प्रमुख राधेश्याम बंसल, प्रांत व्यवस्था प्रमुख जितेंद्र मेहरा, मेला प्रमुख अमित व्यास, महानगर संयोजक सुरेंद्र भादू, मुकेश शर्मा, हंसराज पवार, बनफूल बिश्नोई, रामनिवास सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मंच का संचालन विकास खिलेरी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश