home page

लिंचिंग के विरोध में खटीक समाज ने किया प्रदर्शन

 | 
लिंचिंग के विरोध में खटीक समाज ने किया प्रदर्शन


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई तरुण खटीक की हत्या के विरोध में खटीक समाज ने सोमवार को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। जयपुर में समाज के लोग बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट के बाहर एकत्रित हुए। किशन लाल खटीक, पुरुषोत्तम महावर, सोहन लाल, राजेन्द्र, संजय कुमार खटीक, अनिल कुमार खटीक एवं अन्य ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, दिल्ली सरकार तथा केन्द्रीय गृहमंत्री के नाम हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा।

श्रवण खटीक ने बताया कि होली के दौरान छह वर्षीय बालिका द्वारा पानी के गुब्बारे से छींटे पड़ने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद कुछ लोगों ने तरुण खटीक पर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना से खटीक समाज में भारी आक्रोश है। सुनील खटीक ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और इससे कमजोर और वंचित वर्ग में असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय जरूरी है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में समाज ने मांग की कि हत्या के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और दोष सिद्ध होने पर कठोर सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की गई। इसके अलावा समाज ने पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश