home page

रेलवे सुरक्षा को लेकर आरपीएफ सतर्क

 | 
रेलवे सुरक्षा को लेकर आरपीएफ सतर्क


जोधपुर, 01 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतिश शर्मा के नेतृत्व में आरपीएफ द्वारा सप्ताह के दौरान 84 ट्रेनों में एस्कॉर्ट ड्यूटी की गई, जिसमें 154 सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए रेल मदद की 168 शिकायतों का निस्तारण किया गया तथा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत एक बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वर्ष 2026 में अब तक 48 बच्चों को सुरक्षित बचाया गया है। वहीं ऑपरेशन डिग्निटी के तहत वर्ष के दौरान 144 लोगों को सहायता प्रदान की गई। यात्रियों के छूटे सामान को वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत के तहत सप्ताह में 17 सामान वापस लौटाए गए, जिनकी कीमत करीब 4.07 लाख रुपये थी। रेलवे अधिनियम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 3,357 मामले दर्ज कर 3,304 गिरफ्तारियां की गई हैं। अनधिकृत टिकट दलाली के विरुद्ध 45 मामले दर्ज किए गए हैं।

रेलवे संपत्ति की चोरी के मामलों में वर्ष के दौरान 18 मामलों का पता लगाकर 52 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया तथा करीब 5.88 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई। रेलवे में अनावश्यक रूप से अलार्म चेन खींचने की घटनाओं पर भी कार्रवाई की जा रही है। सप्ताह में 15 घटनाओं में मामले दर्ज कर 12 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की सुरक्षा तथा रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित जांच और विशेष अभियानों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश