home page

राज्य सरकार ने तबादलों में छूट 10 जुलाई तक बढ़ाई

 | 
राज्य सरकार ने तबादलों में छूट 10 जुलाई तक बढ़ाई


जयपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के तबादलों पर दी गई छूट की अवधि पांच दिन और बढ़ा दी है। अब राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में 10 जुलाई तक तबादले किए जा सकेंगे। प्रशासनिक सुधार विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले सरकार ने 19 जून को तबादलों से प्रतिबंध हटाते हुए 5 जुलाई तक तबादले करने की अनुमति दी थी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिफाइनरी लोकार्पण कार्यक्रम सहित अन्य प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण कई विभागों में तबादलों की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद भाजपा विधायकों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर सरकार ने तबादलों की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया।

तबादलों की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही मंत्रियों, विधायकों और भाजपा नेताओं के आवासों पर कर्मचारियों की भीड़ उमड़ रही है। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी अपनी पसंद के स्थान पर तबादला करवाने के लिए जनप्रतिनिधियों की सिफारिश लेने पहुंच रहे हैं। वहीं, सचिवालय में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी तबादलों से जुड़े कार्यों के लिए पहुंच रहे हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि तबादलों के लिए पहले से लागू सभी शर्तें यथावत रहेंगी। एकल महिला, विधवा, परित्यक्ता तथा कैंसर, हृदय, मस्तिष्क, फेफड़े और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यह आदेश सरकारी विभागों के साथ-साथ निगम, बोर्ड और स्वायत्तशासी संस्थाओं पर भी लागू होगा।

हालांकि, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर वर्ष 2018 से लगी रोक इस बार भी बरकरार रहेगी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में मौसमी बीमारियों को देखते हुए तबादलों पर छूट नहीं दी गई है।

शिक्षा, पुलिस, बिजली, वित्त सहित आमजन से जुड़े विभागों में तबादलों की सबसे अधिक मांग है। जनप्रतिनिधियों की सिफारिशों के आधार पर संबंधित विभागों के मंत्री तबादलों की सूची तैयार कर अधिकारियों को भेजेंगे, जिसके बाद आदेश जारी किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित