राजस्थान में यातायात नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई, 14 दिन में 1.16 लाख से अधिक वाहनों के चालान
जयपुर, 18 जून (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान के तहत 4 जून से 17 जून 2026 तक प्रदेशभर में 1 लाख 16 हजार 937 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी अवैध काली फिल्म के मामलों में की गई, जिनमें 44 हजार 381 चालान बनाए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 30 हजार 148, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 16 हजार 36, वाहन संरचना में अवैध संशोधन (मॉडिफिकेशन) के 11 हजार 383, अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 8 हजार 668 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 6 हजार 321 मामलों में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 17 जून को अकेले 6 हजार 731 वाहनों के विरुद्ध चालान बनाए गए। इनमें 2 हजार 399 वाहन काली फिल्म लगाने, 1 हजार 686 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 880 अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन, 777 अवैध मॉडिफिकेशन, 602 अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं हूटर तथा 387 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर कार्रवाई की बात करें तो जयपुर पश्चिम प्रदेश में सबसे आगे रहा, जहां 522 वाहनों के विरुद्ध चालान किए गए। इसके बाद उदयपुर में 426, जयपुर ग्रामीण में 400, जयपुर यातायात में 319, धौलपुर में 272, दौसा में 265 और चित्तौड़गढ़ में 262 मामलों में कार्रवाई की गई। बारां में 223, भरतपुर में 200 तथा झुंझुनूं में 196 चालान दर्ज किए गए।
पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे काली फिल्म, अवैध हूटर, फ्लैशर, प्रेशर हॉर्न, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा अन्य अनधिकृत संशोधनों का उपयोग नहीं करें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

