home page

राजस्थान में बारिश से बढ़ी ठंडक, खंडार में सुबह 5 घंटे बरसे बादल

 | 
राजस्थान में बारिश से बढ़ी ठंडक, खंडार में सुबह 5 घंटे बरसे बादल


जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। रविवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के बाद सोमवार सुबह भी बादलों का असर देखने को मिला। सवाई माधोपुर जिले के खंडार क्षेत्र में सोमवार अलसुबह करीब 3 बजे शुरू हुई बारिश सुबह 8 बजे तक रुक-रुककर जारी रही। कहीं रिमझिम फुहारें पड़ीं तो कहीं तेज बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव ने तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ा दी है, वहीं खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों को लेकर किसानों की चिंता भी बढ़ गई है।

रविवार को जयपुर, अजमेर, सवाई माधोपुर, टोंक और बारां सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर और अजमेर में ओलावृष्टि भी हुई। दिनभर धूप कमजोर रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट रही। मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि दिन के समय भी हल्की सर्दी महसूस होने लगी। बारिश और बादलों के असर से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि रात के तापमान में गिरावट ने सर्दी की आहट तेज कर दी।

रविवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे मापा गया।

अलवर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, हनुमानगढ़ में 31.2, करौली और झुंझुनूं में 32.4, सीकर में 32, पिलानी में 33 और अजमेर में 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इन इलाकों में दिन के समय भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा।

हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बरकरार रहा। बाड़मेर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सिरोही में 37.1, जोधपुर में 36.8, जालोर में 36, फलोदी में 36.2 और जैसलमेर में 35.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

बारिश और बादलों के प्रभाव से रातें भी ठंडी होने लगी हैं।

रविवार को सीकर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री, टोंक में 19.4, अलवर में 19.5, पिलानी में 19.3, पाली में 19, श्रीगंगानगर और झुंझुनूं में 19.7, डूंगरपुर में 18.6 तथा फतेहपुर में 17 डिग्री सेल्सियस मापा गया। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 15.3 और सिरोही में 16 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे पहुंचने से सुबह और देर रात हल्की सर्दी का अहसास बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से अगले तीन-चार दिन प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान साफ रहने और धूप निकलने के आसार हैं। हालांकि 22 और 23 अक्टूबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित