home page

राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान:अवैध हूटर और ब्लैक फिल्म वाले वाहन निशाने पर

 | 
राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान:अवैध हूटर और ब्लैक फिल्म वाले वाहन निशाने पर


जयपुर, 15 जून (हि.स.)। राज्य में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर 1 से 30 जून तक चलाए जा रहे इस अभियान में अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, लाल-नीली बत्ती, हूटर, प्रेशर हॉर्न तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहनों को निशाना बनाया जा रहा है।

पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण एवं यातायात) अनिल पालीवाल तथा पुलिस अतिरिक्त महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में 14 जून को अकेले पूरे प्रदेश में 7,721 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 726 अवैध संरचनात्मक परिवर्तन वाले, 674 अनधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर लगे, 438 प्रेशर हॉर्न, 2,853 ब्लैक फिल्म लगे, 1,041 अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह प्रदर्शित करने वाले तथा 1,989 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट वाले वाहन शामिल रहे।

इस कार्रवाई में कोटा शहर 406 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि अलवर (388), जयपुर पश्चिम (378), जयपुर ग्रामीण (338), जयपुर यातायात (303), भीलवाड़ा (297) और चित्तौड़गढ़ (296) में भी बड़ी संख्या में चालान किए गए।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों की पालना करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश