home page

राजस्थान दिवस: पर्यटन विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का होगा आयोजन

 | 
राजस्थान दिवस: पर्यटन विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या का होगा आयोजन


जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राज्य सरकार के निर्णय अनुसार इस बार चैत्र की शुक्ल प्रतिपदा (19 मार्च) को राजस्थान दिवस मनाया जा रहा है।

अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला- साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग प्रवीण गुप्ता ने बताया कि जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल प्रांगण में गुरुवार (19 मार्च) को शाम 7 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं गणमान्य जन की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान दिवस हमारी समृद्ध धरोहर और संस्कृति का उत्सव है। इस अवसर पर गुरुवार को सुर, लय ताल से सजी सांस्कृतिक संध्या में पद्मश्री श्री अनवर खां मांगणियार एवं दल तथा पद्मश्री श्री तगाराम भील एवं दल द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

भव्य सांस्कृतिक संध्या में घूमर, कालबेलिया, चरी, कच्छी घोड़ी,भवाई, तीन ढोल, गैर, चंग ढप, कथक एवं अन्यकलाओं का शानदार प्रदर्शन होगा। 100 से अधिक लोक कलाकारों और कथक नर्तकों के साथ

सुसज्जित एवं रंगारंग नृत्य और संगीत प्रस्तुति (लोक छंद सांस्कृतिक इकाई, दिल्ली द्वारा संयोजित) का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति एवं कथक नृत्य एवं आकर्षक कोरियोग्राफी की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी का भी आयोजन किया जाएगा।

अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन, कला- साहित्य एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान दिवस के अवसर पर कला साहित्य संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की ओर से भी विभिन्न अकादमियों जवाहर कला केंद्र और रविंद्र मंच की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी गुरुवार 19 मार्च को भी जयपुर सहित प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कला साहित्य संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग की उपसचिव एवं जवाहर कला केंद्र की अतिरिक्त महानिदेशक डॉ. अनुराधा गोगिया ने बताया कि राजस्थान दिवस समारोह, 2026 के अन्तर्गत जवाहर कला केन्द्र द्वारा केन्द्र के कृष्णायन सभागार में प्रातः 8 बजे से मॉर्निंग रागा की प्रस्तुति दी जायेगी। जिसके अन्तर्गत अजमेर के पं आनन्द वैद्य एवं समूह की शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति आयोजित की जायेगी।

वहीं जवाहर कला केन्द्र की सहभागिता अन्तर्गत रंगायन सभागार में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे के मध्य राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी द्वारा अरू पोद्यार संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ब्रजभाषा कवि एवं साहित्यकार सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया जायेगा जिसमें ब्रज काव्य पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फूलों की होली की प्रस्तुति होगी।

उसके पश्चात् सायं 6 बजे से राजस्थान उर्दू अकादमी एवं जवाहर केन्द्र की सहभागितान्तर्गत केन्द्र के शिल्पग्राम में पद्मश्री उस्ताद् अली मोहम्मद एवं उस्ताद् गनी मोहम्मद की मांड गायन एवं गज़ल गायन की प्रस्तुति होगी।

उसके उपरान्त केन्द्र द्वारा राजस्थान दिवस समारोह की समापन प्रस्तुति के अन्तर्गत मध्यवर्ती सभागार में सायं 7 बजे से सुविख्यात् बैण्ड रेतीला बैण्ड की प्रस्तुति आयोजित की जायेगी। इसमें पश्चिमी राजस्थान के सुप्रसिद्ध लंगा, मांगणियार कलाकारों के साथ निर्देशक गोविन्द सिंह भाटी अपना फ्यूज़न बैण्ड प्रस्तुत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश