home page

मूल्यांकन परीक्षा में जोधपुर ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य

 | 
मूल्यांकन परीक्षा में जोधपुर ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य


जोधपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जिले में नवभारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) के अंतर्गत रविवार को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक मूल्यांकन परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस परीक्षा में जिले के कुल 1,10,739 नवसाक्षरों ने भाग लेते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की।परीक्षा के निरीक्षण के लिए शिक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली से रोहित नैनवाल तथा निदेशालय साक्षरता एवं सतत शिक्षा, राजस्थान जयपुर से बृजेश कुमार गुप्ता को दायित्व प्रदान किया गया। इनके साथ जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी जगदीशचन्द्र, लालाराम भाटी एवं उम्मेद सिंह राजपुरोहित ने जोधपुर जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। जोधपुर के केन्द्रीय कारागृह एवं पिचियाक कारागृह (बिलाड़ा) में भी परीक्षा केन्द्र स्थापित किए गए, जहां बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक परीक्षा में भाग लिया। जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी जगदीशचन्द्र ने बताया कि केन्द्रीय कारागृह में 45 पुरुष एवं 10 महिला बंदियों तथा पिचियाक जेल बिलाड़ा में 5 पुरुष बंदियों ने मूल्यांकन परीक्षा में भागीदारी निभाई।मूल्यांकन परीक्षा को लेकर आमजन में विशेष उत्साह देखने को मिला। 15 वर्ष से लेकर 90 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष नवसाक्षरों ने इस परीक्षा में बढ़-चढक़र भाग लिया। कई स्थानों पर महिलाएं अपनी बहुओं एवं पड़पोतियों के साथ परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा देती हुई भी दिखाई दीं। जोधपुर जिले के कुल 22 ब्लॉकों में परीक्षा आयोजित की गई, जिनमें 21 ब्लॉक ग्रामीण क्षेत्र तथा 1 ब्लॉक शहरी क्षेत्र का शामिल है। सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों ने ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित कर परीक्षा केन्द्र प्रभारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश प्रदान किए। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने ब्लॉक में आवंटित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत नवसाक्षरों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश