home page

मुख्यमंत्री भजनलाल के प्रयास रंग लाए: शेखावाटी तक पहुंचेगा यमुना का पानी

 | 
मुख्यमंत्री भजनलाल के प्रयास रंग लाए: शेखावाटी तक पहुंचेगा यमुना का पानी


जयपुर, 29 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने यमुना जल समझौते को राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि बत्तीस साल पहले शेखावाटी के लोगों के लिए देखा गया तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोसिंह शेखावत का सपना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को यमुना जल का 1917 क्यूसेक औसत प्रवाह, 577 एमसीएम का निर्धारित हिस्सा हरियाणा के हथिनीकुण्ड बैराज से चूरू जिले के हासियावास जलाशय तक 295.5 किलाेमीटर भूमिगत पाईपलाइन से पहुंचेगा। इस 34 हजार 102 करोड़ रूपये की परियोजना से सीकर, चूरू व झुंझुनूं के लगभग 75 लाख आमजन लाभान्वित होंगे।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के लिए इस महत्ती उपलब्धि अर्जित कर मंगलवार प्रातः 9 बजे जयपुर आ रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का एयरपोर्ट पर शेखावाटी के जन समुदाय एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी मुख्यमंत्री के अभिनंदन के लिए आमंत्रित किया है।

भाजपा वरिष्ठ नेता राठौड़ ने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि यमुना जल पर कोई समझौता हो गया तो वह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन करेंगे और आज वह समय आ गया है, जब केन्द्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री की उपस्थिति में राजस्थान और हरियाणा के मध्य एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए है।

उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि वो अपने घोषणा पत्र में यमुना का पानी लेने के लिए बाते करते थे और सरकार बनने के बाद मौन साध लेते थे, उन्होने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि हरियाणा के चुनाव में राजस्थान को पानी नहीं देने की बात की जाती है और राजस्थान के कांग्रेस नेता वहां चुनाव प्रचार करने जाते रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता एमओयू और एमओए में अंतर नहीं कर पा रहे है कि उन्हें यह समझना होगा कि यह एमओयू नहीं यह एमओए है।

उन्होंने कहा कि 1994 में भैरोसिंह शेखावत ने शेखावाटी की उस भूमि की सबसे बडी मांग को पूरा करने का सपना देखा था, यह सपना एक धरती पुत्र था जिसे किसान पुत्र मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरा किया है, पिछले ढाई साल में प्राण-प्रण से जुटे मुख्यमंत्री के ही प्रयास है कि आज शेखावाटी के 75 लाख लोग राहत महसूस कर रहे है।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल में हरियाणा और राजस्थान के पहले एमओयू और उसके बाद डीपीआर के लिए जो सहमति बनी थीे, उसके बाद अब तक आठ बैठके हो चुकी है। फरवरी माह में हरियाणा द्वारा पाइप लाइन अलाईन्समेंट की स्वीकृति हो गई और हमने बजट में भी इसके लिए समुचित प्रावधान किए है, इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना करवाने के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। परियोजना के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण एवं टेंडर प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जाएगी।

सीकर के पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि अपने सांसद कार्यकाल में उन्होंने सदन में इस मामले को उठाया था पर राज्य की तत्कालीन कांग्रेेस सरकार की मंशा नहीं होने और समुचित प्रयास नहीं करने के कारण अपेक्षित सफलता नहीं मिली, परंतु मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निरंतर प्रयासों से हमे सफलता मिली है, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शेखावाटी के लोगों के लिए भागीरथ बनकर आए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश