महिला समूहों के प्रयासों की सराहना राजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया
जोधपुर, 21 अपै्रल (हि.स.)। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की राज्य मिशन निदेशक एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को जोधपुर जिले में संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों की प्रगति का गहन अवलोकन करते हुए महिला समूहों के प्रयासों की सराहना की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
दौरे के क्रम में गोस्वामी ने केरू स्थित नव ज्योति प्रोड्यूसर ग्रुप का भ्रमण किया, जहां प्रोड्यूसर ग्रुप की अध्यक्ष गीता देवी सहित अन्य महिला सदस्यों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने महिला सदस्यों से संवाद स्थापित कर योजनाओं से प्राप्त लाभ, कार्यप्रणाली एवं सामने आने वाली चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिस्किट निर्माण इकाई का अवलोकन करते हुए उत्पादन प्रक्रिया में अपनाई जा रही स्वच्छता, गुणवत्ता एवं अनुशासन की सराहना की। साथ ही, उत्पादों की गुणवत्ता में और अधिक सुधार कर उन्हें उद्योग मानकों के अनुरूप बनाने तथा विपणन के विस्तार के लिए केरू में शीघ्र पैकेजिंग यूनिट स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनके सुझावों से महिला सदस्यों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। इस दौरान जिला रिसोर्स सेल प्रमुख दुर्गेश डूडी, जिला प्रबंधक रेनू, डब्ल्यू. अरविंद मेहरा, रूपाराम पंवार एवं भानु प्रताप उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

