महात्मा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब महापुरूषों को एक साथ याद करना अच्छी पहलः केन्द्रीय मंत्री मेघवाल
बीकानेर, 13 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले तथा बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर सामाजिक समरसता के प्रतीक, नारी शिक्षा के अग्रदूत तथा समता एवं समानता की अलख जगाने वाले ऐसे महापुरूष थे, जिनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा दोनों महापुरूषों की जयंती एक साथ मनाकर नई शुरूआत की गई है।
केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने सोमवार को राजकीय पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में भारत रत्न बाबा साहेब डाॅ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं तथा महात्मा ज्येतिबा फूले की 199वीं जयंती के अवसर पर भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
केन्द्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले का निधन 28 नवंबर 1890 को हुआ तथा बाबा साहेब 14 अप्रैल 1891 को इस दुनिया में आए। उन्होंने ज्योतिबा फूले के विचारों को आगे बढ़ाया तथा समाज में नई चेतना पैदा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का बनाया संविधान आज हमें एक सूत्र में बांधता है। दोनों महापुरूषों के सिद्धांतों का आज भी हमारे जीवन में प्रभाव है। उन्होंने कहा कि भावना मेघवाल मेमोरियल ट्रस्ट ने नई शुरूआत कर समाज के समक्ष एक मिसाल रखी है।
मेघवाल ने कहा कि आने वाले समय में महात्मा ज्योतिबा फूले के विचारों को लेकर देशभर में कार्यक्रम होंगे। बीकानेर में इनकी शुरूआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में अनेक धर्म, जातियां और वर्ग हैं। सभी में आपसी समरसता हो, यही दोनों महापुरूषों का ध्येय था। केन्द्रीय मंत्री ने परिवार को भारतीय समाज का महत्वपूर्ण अंग बताया और कहा कि परिवार आगे बढ़ेगा तो समाज और देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
खाजूवाला विधायक डाॅ. विश्वनाथ मेघवाल, श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामगोपाल सुथार, कार्यक्रम संयोजक रवि शेखर मेघवाल, पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित, राजस्थान प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी तथा भावना मेघवाल ट्रस्ट की पदाधिकारी सुशीला वर्मा ने विचार रखे।
इससे पहले मेघवाल ने महात्मा ज्योतिबा फूले और बाबा साहेब के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। आयोजकों की ओर से केन्द्रीय मंत्री और रवि शेखर मेघवाल का अभिनंदन किया गया। संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

