home page

मतदान जागरूकता के लिए दो सौ स्काउट्स ने निकाली रैली

 | 
मतदान जागरूकता के लिए दो सौ स्काउट्स ने निकाली रैली


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। नगरीय निकाय चुनाव में अधिकाधिक मतदान के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बुधवार को स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। स्काउट एंड गाइड मंडल मुख्यालय, बनीपार्क से स्वीप प्रभारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम भाईसारे ने दो सौ स्काउट्स की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट सर्किल पहुंची, जहां स्काउट्स ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया और प्रेरक नारे लगाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी म्यूनिसिपल संदेश नायक ने बताया कि जयपुर जिले की एक नगर निगम के 150 वार्डों के लिए 11 सितंबर तथा दो नगर परिषदों सहित 18 नगरीय निकायों के 540 वार्डों के लिए 9 सितंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के पर्व में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीना ने उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हेमंत सिंह, स्काउट एवं गाइड मंडल मुख्यालय के एससीओ दामोदर प्रसाद शर्मा, जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश