home page

मंदिरों में सजी छप्पन भोग की झांकियां, उमड़े श्रद्धालु

 | 
मंदिरों में सजी छप्पन भोग की झांकियां, उमड़े श्रद्धालु


जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के बाद शुरू हुए अन्नकूट महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह है। विभिन्न मन्दिरों में देवी-देवताओं का मनोहारी श्रृंगार कर छप्पन भोग की झांकी सजाई जा रही है।

श्री काया पलट जन सेवा समिति जोधपुर की ओर से 56 भोग एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। धार्मिक आयोजन में भगवान को विधि-विधान से 56 प्रकार के भोग अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। सभी ने भगवान से समाज में सुख-समृद्धि, खुशहाली, आपसी एकता और सेवा भावना बनाए रखने के साथ ही जनकल्याण की मंगल कामना की। कार्यक्रम में समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद दवे, विशाल वैष्णव, सुमित चौहान, जय किशन, नंदू चौहान एवं नवीन सैन सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

रातानाडा शिव रोड स्थित श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव एवं छप्पन भोग का आयोजन हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भगवान को 111 प्रकार के विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें मंदिर महिला मंडल ने मनभावन भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मंदिर पुजारी ललिता जोशी ने बताया कि आरती के पश्चात सभी भक्तों एवं उपस्थित क्षेत्रवासियों को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।

गुलाब नगर स्थित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में आज छप्पन भोग का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया। छप्पन भोग के बाद सभी भक्तों के लिए प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।

इसी तरह ईश्वर प्रेम आश्रम स्थित श्रीराम दरबार में छप्पन भोग (अन्नकूट) महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम दरबार को आकर्षक श्रृंगार कर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। आश्रम सेवादार डॉ. रेणु परिहार ने बताया कि साध्वी नित्यमुक्ता महाराज एवं पंडित महेंद्र व्यास महाराज के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश