home page

भाजपा की संगठनात्मक मजबूती में मीडिया और सोशल मीडिया की अहम भूमिका : अजेय कुमार

 | 
भाजपा की संगठनात्मक मजबूती में मीडिया और सोशल मीडिया की अहम भूमिका : अजेय कुमार


जयपुर, 07 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में रविवार को प्रदेश मीडिया विभाग, प्रवक्ता-पैनलिस्ट, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने मीडिया, प्रवक्ता, आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

अजेय कुमार ने कहा कि संगठनात्मक विचारों के सतत आदान-प्रदान से संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ताओं और मीडिया से जुड़े कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे भाजपा की नीतियों, विचारधारा और संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन हित सर्वोपरि होना चाहिए तथा कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्णयों का सम्मान करते हुए सकारात्मक और तथ्यात्मक संवाद स्थापित करना चाहिए। अजेय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और किसान हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिनकी जानकारी जनता तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कूटनीतिक रणनीति और निर्णायक नेतृत्व के कारण वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रभावी संवाद में निहित होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया, सोशल मीडिया और आईटी विभाग वर्तमान समय में संगठन की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से जिम्मेदार, सकारात्मक और तथ्यपरक संवाद के माध्यम से जनता के बीच पार्टी की रीति-नीति और सरकार के कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

बैठक में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, आईटी विभाग प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, सोशल मीडिया विभाग प्रदेश संयोजक हिरेंद्र कौशिक, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा, विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप धनकड़ सहित पार्टी के प्रवक्ता, पैनलिस्ट और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश