home page

भक्तिभाव से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव

 | 
भक्तिभाव से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव


जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में इस अवसर पर सुबह से देर रात तक विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिरों में अभिषेक, श्रृंगार, पूजन, महाआरती, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। पूर्व संध्या पर मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया है।

घाट के बालाजी मंदिर में पंचामृत अभिषेक के साथ हनुमान जी का जन्माभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सिंदूरी चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण करवाई जाएगी तथा चूरमे का भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर में विशेष सजावट की गई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यहां जात-जडूले की परंपरा के तहत विभिन्न समाजों के लोग भी भाग लेंगे।

चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमान मंदिर में सहस्त्रधारा अभिषेक के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर परिसर को सतरंगी रोशनी और पुष्पों से सजाया गया है। यहां सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा, जिससे भक्तिमय माहौल और अधिक सजीव हो उठेगा।

खोले के हनुमानजी मंदिर में 108 औषधि द्रव्यों और विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ महाअभिषेक किया जाएगा। षोडशोपचार पूजन के पश्चात भगवान को चांदी की पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा दोपहर में उत्सव आरती आयोजित होगी।

चांदपोल हनुमान मंदिर में पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार के बाद जन्म आरती होगी, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए दर्शन खोले जाएंगे। सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिरों में भी पंचामृत अभिषेक, सिंदूर चोला चढ़ाने, नवीन पोशाक धारण कराने तथा महाआरती के आयोजन होंगे।

न्यू सांगानेर रोड स्थित चिंताहरण काले हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ जन्मोत्सव मनाया जाएगा। करतारपुर स्थित मनशापूर्ण हनुमान मंदिर में दुग्धाभिषेक, रुद्र पाठ तथा 11 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। विभिन्न मंदिरों में भंडारा और प्रसादी वितरण के कार्यक्रम भी होंगे।

चांदपोल बाजार स्थित राम मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पंचामृत अभिषेक, सुगंधित द्रव्यों से स्नान, सिंदूरी चोला अर्पण तथा स्वर्ण-रजत अलंकरण युक्त पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ आयोजित होंगे।

हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शास्त्रीनगर से पदयात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए हाथोज स्थित दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर पहुंचेगी। यहां ध्वज पूजन, भजन-कीर्तन तथा भंडारा प्रसादी का आयोजन होगा।

अंबाबाड़ी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रमों के अंतर्गत अभिषेक, 56 भोग अर्पण, संगीतमय सुंदरकांड पाठ तथा बच्चों द्वारा वानर सेना की झांकियों की प्रस्तुति होगी। रात्रि में आतिशबाजी भी की जाएगी।

इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, झांकियां और आरतियों का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है, जिससे भक्त कम समय में दर्शन कर सकेंगे। पूरे शहर में यह पर्व आस्था, परंपरा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश