बीकानेर में 24 अक्टूबर से जुटेंगे देश-विदेश के चर्म रोग विशेषज्ञ
बीकानेर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय चर्म, रति एवं कुष्ठ रोग विशेषज्ञ संगठन का 47वां राज्य स्तरीय दो दिवसीय सम्मेलन 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को बीकानेर में आयोजित होगा। 'त्वचा आरोग्य सेवा न्यास' के संयोजकत्व में आयोजित होने वाला यह सम्मेलन जयपुर-जोधपुर बाईपास स्थित गणेशम रिसॉर्ट में होगा। सम्मेलन में देश-विदेश के ख्यातनाम चर्म रोग विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थी भाग लेंगे। आयोजन में आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, नई औषधियों के उपयोग, त्वचा रोगों के निदान एवं उपचार और आमजन को सस्ती व सुलभ चिकित्सा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक चर्चा की जाएगी।
आयोजन समिति के प्रमुख तथा प्रिंस बिजय सिंह जी मेमोरियल अस्पताल के अधीक्षक एवं चर्म रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि दो दिवसीय वैज्ञानिक सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ अपने अनुभवों और चिकित्सा क्षेत्र में हुए नवीनतम बदलावों की जानकारी देंगे। सम्मेलन का प्रमुख ध्येय आमजन के हित में आधुनिक होने के साथ-साथ सस्ती और सुलभ चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि त्वचा संबंधी रोगों के उपचार में लगातार नए अनुसंधान और तकनीकें सामने आ रही हैं। ऐसे में चिकित्सकों के लिए इन नवीनतम विधाओं से परिचित होना आवश्यक है, ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सम्मेलन में चिकित्सा की प्रभावशीलता के साथ उसकी उपलब्धता और आमजन पर पड़ने वाले आर्थिक भार जैसे पहलुओं पर भी चर्चा होगी।
सम्मेलन के आयोजन सचिव एवं वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित बंसल ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में लगभग 450 विशेषज्ञों के भाग लेने की संभावना है। सम्मेलन में नई औषधियों के प्रयोग, उनके लाभ एवं संभावित दुष्प्रभावों, उपचार की प्रभावशीलता और विभिन्न चिकित्सीय पद्धतियों के परिणामों पर विशेष चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन की साइंटिफिक चेयरपर्सन एवं वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. प्रसून सोनी ने बताया कि आयोजन के दौरान लगभग 35 वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें चर्म रोग, कुष्ठ रोग एवं यौन रोगों के अनुभवी चिकित्सक रोगों के निदान, उपचार और निवारण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

