home page

बीकानेर में कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, जलाया पुतला भी

 | 
बीकानेर में कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च, जलाया पुतला भी


बीकानेर, 29 सितंबर (हि.स.)। बीकानेर कांग्रेस ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व राजस्थान सह-प्रभारी चिरंजीवी राव की अगुवाई में कोटगेट से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया और प्रधानमंत्री व चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फुंका। तत्पश्चात राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए निर्णयों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित शिकायतों एवं दर्ज आपत्तियों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने, ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करने व पद से हटाने की मांग की गई। ज्ञापन में दावा किया गया कि पिछले 10 महीनों के दौरान निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी और सुखबीर सिंह संधू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा लिए गए कुछ निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कीं। ज्ञापन में इन आपत्तियों से जुड़े अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की। साथ ही निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और उसके केंद्रीकरण से जुड़े निर्णयों की पारदर्शिता एवं वैधानिकता की जांच की मांग भी राष्ट्रपति से की गई। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन में गिरफ्तारी, पद से हटाने तथा कड़ी कार्रवाई की मांग रखी। इसके अलावा जांच के निष्कर्ष और की गई कार्रवाई को सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया गया।

देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने भी विचार रखे।

जिला महासचिव (संगठन) प्रहलादसिंह मार्शल ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव प्रद्युम्नसिंह राठौड़, भूदान बोर्ड चेयरमैन लक्ष्मण कडवासरा, डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, विरेन्द्र बेनिवाल, मेयर अनिल कल्ला, मकसूद अहमद, गजेन्द्रसिंह सांखला, अरूण व्यास, सुशीला सींवर, मो. हारूण राठौड़, कमल कल्ला सहित अनेक माैजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव