home page

बारिश की गतिविधियों में आएगी कमी, 9 से सीमावर्ती इलाकों में हीटवेव संभव

 | 
बारिश की गतिविधियों में आएगी कमी, 9 से सीमावर्ती इलाकों में हीटवेव संभव


जयपुर, 05 मई (हि.स.)। प्रदेश में आगामी समय में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इससे एक बार फिर गर्मी रफ्तार पकड़ेगी। 9 मई को सीमावर्ती इलाकों में हीटवेव का दौर देखने को मिल सकता है। सोमवार देर रात प्रदेश के करीब एक दर्जन से अधिक शहरों में आंधी-बारिश हुई। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को बाड़मेर और फलोदी को छोड़कर बाकी शहरों का दिन का पारा 40 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। 41.7 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 30 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार देर रात जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तोडग़ढ़, जोधपुर, उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, पाली सहित करीब 16 शहरों में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश जयपुर के शाहपुरा में 68 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भीलवाड़ा में 32, पाली में 16 और कोटा में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। आंधी-बारिश के चलते प्रदेश के शहरों के तापमान में 2 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सोमवार को राज्य के कुछ भागों में तीव्र आंधी बारिश दर्ज की गई है। विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को भी कोटा, उदयपुर, भरतपुर व जयपुर संभाग व उत्तरी राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश दर्ज की गई। आगामी 3-4 दिनों में राज्य के अधिकांश भागों में आंधी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे की आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। आगामी 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री बढ़ोतरी होने व सीमावर्ती क्षेत्रों में 9 मई से एक नया हीटवेव का दौर शुरू होने की संभावना है। 8 से 11 मई के दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री से. दर्ज होने की संभावना है। वर्तमान में राज्य में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होकर पश्चिमी भाग में 40-42 डिग्री जबकि पूर्वी भाग में 36-38 डिग्री दर्ज किए गए जो औसत सामान्य तापमान से नीचे है। न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस फतेहपुर (सीकर) में दर्ज किया गया।

सोमवार देर रात जयपुर में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को दिनभर धूप खिली और हल्की हवाएं चली। हालांकि इस दौरान आसमान में छितराए बादल भी नजर आए। जयपुर के अधिकतम तापमान में 1.3 और न्यूनतम तापमान में 2.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश