home page

बरसात से पहले असुरक्षित स्कूल भवन हटाने और नालों की सफाई के निर्देश

 | 
बरसात से पहले असुरक्षित स्कूल भवन हटाने और नालों की सफाई के निर्देश


धौलपुर, 23 जून (हि.स.)। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी.टी. की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, बजट घोषणाओं तथा आगामी मानसून को देखते हुए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को बरसात से पूर्व सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की प्रगति की समीक्षा करते हुए छात्रवृत्ति एवं आरटीई के अंतर्गत भौतिक सत्यापन और नामांकन की स्थिति पर चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए पूर्णतः असुरक्षित विद्यालय भवनों को समय रहते हटाया जाए तथा मरम्मत योग्य भवनों की आवश्यक मरम्मत कराई जाए। उन्होंने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर बने गड्ढों की पैचवर्क के माध्यम से मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपने कार्यालय भवनों की छतों की सफाई कराने तथा जहां लीकेज की समस्या हो, वहां समय रहते मरम्मत कार्य पूरा कराने को कहा।

बैठक में बजट घोषणाओं की प्रगति तथा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अब तक की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल, वीवीआईपी संदर्भों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में उपवन संरक्षक वी. चेतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हवा सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद बबलीराम जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप