बगरू क्षेत्र में 15 बीघा भूमि पर बसाई जा रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा सड़क सीमाओं एवं सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में प्रवर्तन दस्ते ने बगरू क्षेत्र के ग्राम रामपुरा, उती रोड जयसिंहपुरा में करीब 15 बीघा निजी खातेदारी भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
जेडीए के उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-21 क्षेत्राधिकार में स्थित ग्राम रामपुरा, उती रोड जयसिंहपुरा में “बजरंग वाटिका” नाम से अवैध कॉलोनी बसाने की तैयारी की जा रही थी। कॉलोनी विकास के लिए बनाई गई मिट्टी एवं ग्रेवल की सड़कें तथा अन्य अवैध निर्माण कार्यों को प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई करते हुए पूर्ण रूप से ध्वस्त कर दिया।
उन्होंने बताया कि जेडीए क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के विकास और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता और जेडीए की स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

