home page

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना कारीगरों के लिए पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण पर कार्यशाला शुक्रवार को

 | 
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना कारीगरों के लिए पैकेजिंग एवं गुणवत्ता नियंत्रण पर कार्यशाला शुक्रवार को


जोधपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत जोधपुर में लकड़ी के फर्नीचर क्लस्टर में कार्यरत कारीगरों के लिए पैकेजिंग की महत्ता एवं गुणवत्ता नियंत्रण विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला 17 अप्रैल को सुबह दस बजे लघु उद्योग भारती सभागार औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित होगी। यह कार्यशाला भारतीय पैकेजिंग संस्थान नई दिल्ली, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय जयपुर, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र जोधपुर तथा लघु उद्योग भारती जोधपुर महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, जोधपुर के महाप्रबंधक एसएल पालीवाल ने बताया कि कार्यशाला में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में भारतीय पैकेजिंग संस्थान के उपनिदेशक ऋषु गौतम द्वारा पैकेजिंग के महत्व तथा हैंडीक्राफ्ट एवं हैंडलूम उत्पादों के विक्रय में इसकी भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही ई-कॉमर्स में पैकेजिंग की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत कारीगरों के उत्पादों के लिए विशेष रूप से विकसित चार पैकेजिंग डिज़ाइन सैंपल का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता एवं प्रस्तुति में सुधार सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला के दौरान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय, जयपुर के विषय विशेषज्ञ अजय शर्मा द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों पर जानकारी प्रदान की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश