प्रकरणों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर
जोधपुर, 09 मार्च (हि.स.)। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में सोमवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, जन-अभियोगों, शिकायत निवारण तंत्र, न्यायालयीन प्रकरणों तथा राज्य एवं केंद्र सरकार की प्राथमिकता योजनाओं की प्रगति की समग्र समीक्षा की गई।
बैठक में राजस्थान सम्पर्क एवं जनसुनवाई पोर्टल पर लंबित प्रकरणों, मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ एवं वीआईपी प्रकोष्ठ के मामलों, सतर्कता समिति तथा विभिन्न आयोगों में लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। जिला कलक्टर अग्रवाल ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण तथ्यों के आधार पर, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक लंबितता स्वीकार नहीं की जाएगी। न्यायालयीन प्रकरणों, अवमानना प्रकरणों तथा पीएलपीसी मामलों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग, प्रभावी तथ्यात्मक रिपोर्ट तथा समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएनएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बजट घोषणाओं एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक में बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त काली बाई भील उड़ान योजना तथा गौपालन समिति की प्रगति की समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभान्वित करने पर बल दिया गया। जिला स्तरीय विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र, होमगार्ड नामांकन प्रक्रिया तथा पंच गौरव कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर अग्रवाल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी, उपखंड अधिकारी (जोधपुर-दक्षिण) प्रीतम कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) सुरेंद्र सिंह पुरोहित सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

