पोषण पखवाड़ा : आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सुपोषण दिवस मनाया
जोधपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। पोषण अभियान के अंतर्गत इन दिनों देशभर में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक अष्टम पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शुक्रवार को जिले की समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों पर सुपोषण दिवस मनाया गया। नीलकण्ठ महादेव मन्दिर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र, मधुबन हाउसिंग बोर्ड प्रथम में सुपोषण दिवस एवं पोषण पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उपनिदेशक रावत राम कड़वासरा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष सभी लाइन विभागों, सेवा प्रदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जाता है, ताकि पोषण संबंधी परिणामों में समग्र सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर पोषण अभियान के जिला समन्वयक कानाराम सारण ने बताया कि इस वर्ष पखवाड़े की मुख्य थीम जीवन के प्रथम छह वर्षों में अधिकतम मस्तिष्क विकास है, जिसके माध्यम से जन-आंदोलन को सशक्त बनाने तथा परिवार एवं समुदाय में बच्चों के स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार की थीम के अंतर्गत स्क्रीन टाइम कम करने में माता-पिता एवं समुदाय की भूमिका तथा बच्चों, विशेषकर बालिकाओं में स्वस्थ डिजिटल आदतों के विकास पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि जीवन के पहले छह वर्ष पोषण एवं सीखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित पोषण, पर्याप्त विश्राम, संस्थागत प्रसव, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, आयु अनुसार ऊपरी आहार एवं मातृ-शिशु पोषण में परिवार, विशेषकर पति एवं सास की भूमिका के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता ने कुपोषित बच्चों के घर पर प्रबंधन के संबंध में जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर समाजसेवी गजेन्द्र सिंह, सेवानिवृत कार्यकर्ता राधा देवी, सहायिका सुमन महेरा, आबिद, गीता सहित गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

