home page

पेपर लीक और भर्ती पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू

 | 
पेपर लीक और भर्ती पारदर्शिता को लेकर कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी छात्र अभियान ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत की है। अभियान के तहत अगले 40 दिनों तक देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों, कोचिंग संस्थानों और कॉलेज परिसरों में जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जयपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद अशोक तंवर, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ तथा अभियान संयोजक डॉ. रामसिंह सामोता ने कहा कि पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया का अधिकार मिलना चाहिए। विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक जैसे मामलों ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा संचालन एजेंसी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली की समीक्षा तथा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की।

अभियान की प्रमुख मांगों में पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करना, एनटीए सहित परीक्षा तंत्र की व्यापक समीक्षा, परीक्षा एवं भर्ती का वार्षिक कैलेंडर जारी करना तथा निर्धारित समय-सारिणी का पालन सुनिश्चित करना शामिल है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार अभियान के तहत 30 जून से छात्र संपर्क अभियान शुरू होगा। जुलाई में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कैंपस कार्यक्रम और अंबेडकर संवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 1 अगस्त को 28 शहरों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव तथा 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश