home page

पूर्वी राजस्थान में फिर बढ़ेगी बारिश, पश्चिमी हिस्सों में कमजोर रहेगा मानसून

 | 
पूर्वी राजस्थान में फिर बढ़ेगी बारिश, पश्चिमी हिस्सों में कमजोर रहेगा मानसून


जयपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में एक बार फिर नया मानसूनी तंत्र बनने जा रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में आगामी चार-पांच दिन मानसूनी परिस्थितियां कमजोर रहेंगी। रविवार को प्रदेश के 12 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। करौली के मंडरायल में सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रविवार को कोटा जिले के इटावा में नोनेरा-ऐबरा बांध के पांच गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। बांध के कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण 45 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। भरतपुर के बंध बारेठा बांध से भी शनिवार रात से पानी की निकासी शुरू की गई। धौलपुर के दमोह झरने और बरसाती नाले में आए तेज बहाव के कारण 100 से अधिक पर्यटक और ग्रामीण फंस गए, जिन्हें देर रात तक रेस्क्यू किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को चित्तौड़गढ़, माउंट आबू, डूंगरपुर, संगरिया, करौली, टोंक, कोटा, झालावाड़, धौलपुर, भरतपुर और बारां सहित अन्य स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शनिवार को भरतपुर, धौलपुर सहित कई जिलों में एक इंच तक बारिश हुई। कोटा, बूंदी, दौसा, अलवर और चित्तौड़गढ़ के भी कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी जिलों में बारिश का दौर थमने के साथ गर्मी और उमस धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट के आसपास एक और कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके आगामी 24 घंटे में और तीव्र होने तथा उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। रविवार को मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर गुजर रही है। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त को प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 19 अगस्त से पूर्वी जिलों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में आगामी चार-पांच दिन हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 19 से 21 अगस्त के दौरान बारिश की गतिविधियों में फिर बढ़ोतरी होने तथा कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में आगामी चार-पांच दिन मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। हालांकि, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 19 से 21 अगस्त के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश