home page

पुलिस कमिश्नर ने सुनीं पांच थानों के परिवादियों की समस्याएं

 | 
पुलिस कमिश्नर ने सुनीं पांच थानों के परिवादियों की समस्याएं


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को पुलिस थाना खोरा बिसल में आयोजित जनसुनवाई के दौरान झोटवाड़ा सर्किल के पांच थाना क्षेत्रों से आए परिवादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान कई मामलों में पुलिस कमिश्नर और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर परिवादियों को राहत दिलाई। वहीं, शेष प्रकरणों का शीघ्र और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में झोटवाड़ा, करधनी, कालवाड़, मुरलीपुरा और खोरा बिसल थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। इनमें आपसी विवाद, पारिवारिक मामले, भूमि एवं संपत्ति संबंधी विवाद, अवैध कब्जे, चोरी और मारपीट सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें शामिल थीं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि थाना स्तर पर जनसुनवाई आयोजित करने का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक परिवाद पर निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा परिवादियों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता, आईपीएस अदिति उपाध्याय सहित संबंधित थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की ओर से आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शहर के विभिन्न थाना और सर्किल स्तर पर लगातार जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में एसीपी कार्यालय झोटवाड़ा, सामुदायिक भवन सांगानेर, पुलिस थाना शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमूं, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर, जामडोली, करधनी, प्रताप नगर, मुहाना और कानोता सहित विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई की जा चुकी है। इन आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में परिवादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश