home page

पुलिस कमिश्नर ने कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर की समीक्षा बैठक

 | 
पुलिस कमिश्नर ने कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर की समीक्षा बैठक


जयपुर, 09 मई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शहर में बेहतर कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने,अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं अपराधियों में भय की भावना स्थापित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस कमिश्नरेट में समीक्षा बैठक आयोजित की।

इस बैठक में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सिटी अजय सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था राजीव पचार, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर यातायात एवं प्रशासन योगेश दाधीच तथा पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव, पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा,पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि, पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण एवं पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजिता शर्मा मौजूद रहे।

पुलिस कमिश्नर मित्तल ने महिला अत्याचार, बाल अपराध एवं एससी-एसटी एक्ट से संबंधित प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही बैठक में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी एवं विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नकबजनी एवं अन्य अपराधों में लिप्त बदमाशों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया।

पुलिस कमिश्नर ने नए आपराधिक कानूनों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा सभी थानों में इनके संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने लंबित प्रकरणों एवं पेंडिंग मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि अनुसंधान कार्य में तेजी लाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा बैठक में वांछित अपराधियों एवं हार्डकोर अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस कमिश्नर ने सभी थानों में दर्ज प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने, सम्पूर्ण पोर्टल एवं राजकॉप एप पर दर्ज मामलों की मॉनिटरिंग कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय जांचों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में उन थाना क्षेत्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई जहां अपराध नियंत्रण एवं कार्रवाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। पुलिस आयुक्त ने ऐसे थानों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए आवश्यक रणनीति बनाने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने संगठित अपराधों एवं गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में साइबर अपराध एवं ऑनलाइन फ्रॉड से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर थाना स्तर पर महिला बीट और युवा सीएलजी सदस्यों का गठन करने तथा महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में संपर्क पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बीट पुलिस प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाकर आमजन से संवाद एवं समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश