home page

पांचवां अंतरराष्ट्रीय भू-विविधता दिवस मंगलवार काे

 | 
पांचवां अंतरराष्ट्रीय भू-विविधता दिवस मंगलवार काे


मेहरानगढ़ में होगा जियोहेरिटेज वॉक को आयोजन, आमजन को समझाया जाएगा भू-विविधता का महत्व

जोधपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। विश्वभर में 6 अक्टूबर को पांचवां अंतरराष्ट्रीय भू-विविधता दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम हमारे दरवाज़े पर भू विविधत है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपने आसपास मौजूद चट्टानों, खनिजों, मिट्टी, जल, भू-आकृतियों एवं प्राकृतिक भू-दृश्य जैसी भू-विविधता और उसके दैनिक जीवन से संबंध के प्रति जागरूक करना है।

आयोजन समिति के डॉ शिव सिंह राठौड़ ने बताया कि इस अवसर पर 6 अक्टूबर को मेहरानगढ़ किले में मेहरानगढ़ जियोहेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। सुबह 6130 बजे शुरू होने वाली इस हेरिटेज वॉक में विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, पर्यटन से जुड़े लोगों, पर्यटक गाइडों, स्थानीय समुदाय एवं आगंतुकों सहित विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे। वॉक के दौरान प्रतिभागियों को मेहरानगढ़ क्षेत्र के भूवैज्ञानिक, भू-आकृतिक, जल-विज्ञान संबंधी एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा। साथ ही यह समझाने का प्रयास किया जाएगा कि जोधपुर की भूगर्भीय संरचना ने यहां के किले, स्थापत्य, पारंपरिक जल-संरचनाओं और सांस्कृतिक विरासत को किस प्रकार प्रभावित किया है।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल भू-विविधता के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि जियोहेरिटेज संरक्षण और जियो-टूरिज्म को बढ़ावा देना भी है। मेहरानगढ़ एवं जोधपुर क्षेत्र की समृद्ध भू-विरासत को संरक्षित कर इसे भावी पीढिय़ों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, भारत में अभी तक एक भी यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क नहीं है, जबकि देश के विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण भू-विरासत मौजूद है। मेहरानगढ़ और जोधपुर क्षेत्र की भू-विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने तथा भविष्य में यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क की दिशा में प्रयासों को गति देने के लिए जन-जागरूकता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

डॉ राठौड़ ने बताया की यह आयोजन मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, इंटैक तथा आयोजन समिति के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के कर्नल अजय सिंह, इंटैक से डॉ महेंद्र सिंह तंवर तथा विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रो सुरेश माथुर तथा जयपुर से डॉ सौरभ माथुर उपस्थित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश