पश्चिमी विक्षोभ का असर: राजस्थान के कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि, तापमान में उतार-चढ़ाव
जयपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को राज्य के करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि हनुमानगढ़ जिले के नोहर क्षेत्र में दोपहर बाद ओलावृष्टि हुई। आंधी, बारिश और बादलों की मौजूदगी के चलते दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी गई। इसके बावजूद प्रदेश के 16 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा और 15 शहरों में रात का तापमान 25 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। चूरू में 43 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन का तापमान सबसे अधिक रहा, जबकि फलौदी में 30 डिग्री सेल्सियस के साथ रात सबसे गर्म रही।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार शाम से मौसम में बदलाव शुरू हुआ, जिसके बाद देर रात सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और पिलानी सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शुक्रवार को हनुमानगढ़ के नोहर में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे स्थानीय अनाज मंडी में रखी फसल भीग गई। चूरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बीकानेर, पिलानी, वनस्थली, अलवर, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, श्रीगंगानगर, फतेहपुर, दौसा और लूणकरणसर में तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, कोटपूतली, बहरोड़ और दौसा सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। उत्तरी राजस्थान में आंधी-बारिश के प्रभाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन आगामी दिनों में फिर से तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
राजधानी जयपुर में गुरुवार रात से मौसम में बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार को दिनभर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और हवाएं चलती रहीं। बादलों के कारण रात के तापमान में 3.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में जयपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर दोबारा तेज हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

