पटरियों के किनारे बाड़, मवेशियों से हादसों पर लगेगा अंकुश
जाेधपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। रेल पटरियों पर मवेशियों के आने से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे संवेदनशील रेलखंडों पर सुरक्षा घेरा मजबूत कर रहा है।
राईका बाग-जैसलमेर रेलखंड पर ऐसे हिस्सों में चैन लिंक फेंसिंग करवाई गई है,जहां मवेशियों के ट्रैक पर आने की आशंका रहती है। रेलवे की इस पहल से मवेशियों की ट्रैक पर आवाजाही कम करने और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ओढानिया चाचा से श्री भादरिया लाठी स्टेशनों के बीच किलोमीटर 222/340 से 225/535 तक 2.5 किलोमीटर तथा श्री भादरिया लाठी से जेठा चांधन स्टेशनों के बीच किलोमीटर 229/800 से 232/229 तक 2.3 किलोमीटर क्षेत्र में अस्थाई चैन लिंक फेंसिंग करवाई गई है। इस तरह दोनों हिस्सों में कुल 4.7 किलोमीटर क्षेत्र में अस्थाई बाड़ लगाई गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में किलोमीटर 229/800 से किलोमीटर 232/00 तक फेंसिंग का काम जारी है। भविष्य में इस सुरक्षा घेरे को किलोमीटर 233/00 तक विस्तारित किया जाएगा,ताकि मवेशियों के ट्रैक पर पहुंचने की आशंका वाले हिस्सों को भी सुरक्षित किया जा सके। इसके अलावा समूचे ट्रैक के किनारे स्थाई फेंसिंग करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल इंजीनियर संजय पूनिया के अनुसार,रेलखंड पर फेंसिंग लगाने के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी मवेशियों के ट्रैक पर आने से होने वाले खतरे के बारे में जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को रेलवे ट्रैक के आसपास नहीं घूमने दें। फेंसिंग और जनजागरूकता के जरिए मवेशियों के ट्रैक पर आने से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम करने तथा रेल संचालन को सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

