home page

नुक्कड़ नाटक से स्तनपान का बताया महत्व

 | 
नुक्कड़ नाटक से स्तनपान का बताया महत्व


जोधपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उम्मेद अस्पताल में विश्व स्तनपान सप्ताह का समापन समारोह शुक्रवार को उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। अस्पताल द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 1 अगस्त से 7 अगस्त तक विभिन्न जनजागरूकता एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के माध्यम से विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया।

सप्ताहभर चले कार्यक्रमों के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों में प्रसूताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के स्वास्थ्य में इसकी भूमिका तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जागरूक किया गया। आमजन में स्तनपान के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली निकाली गई तथा पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।

समापन समारोह के अवसर पर अस्पताल के नर्सिंग अधिकारियों एवं नर्सिंग प्रशिक्षणार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्तनपान के महत्व का प्रभावी संदेश दिया तथा जनजागरूकता का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. बीएस जोधा, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना, डॉ. राकेश जोरा, डॉ. इंदिरा भाटी, डॉ. संदीप चौधरी, डॉ. हरीश मौर्य, डॉ. एसके विश्नोई, नर्सिंग अधीक्षक प्रमीला नरूका, किरणवाला, राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह मेडतिया, एएनएमटीसी की प्रधानाचार्य शाहबानो सहित अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग प्रशिक्षणार्थी एवं मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. बी. एस. जोधा ने पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया तथा अधिक से अधिक माताओं को स्तनपान कराने और इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया।

समारोह के दौरान सप्ताहभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही विश्व स्तनपान सप्ताह के सफल आयोजन एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. रघुनाथ, डॉ. श्यामा चौधरी, वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी सैयद इमरान, गजेंद्र शेखावत, शकुंतला गोयल, नीतू पुरोहित सहित अन्य कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश