नि:शुल्क ऑपरेशन कर बचाई 14 वर्षीय बालक की आंख
बीकानेर, 11 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए रानी बाजार स्थित एएसजी नेत्र चिकित्सालय की ओर से चलाया गया निःशुल्क उपचार एवं परामर्श अभियान जरूरतमंद बच्चों के लिए कारगर साबित हुआ। इस अभियान के तहत चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय बालक की आंख का ऑपरेशन कर उसकी आंख को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अंशुमान गहलोत ने बताया कि एएसजी आई हॉस्पिटल की ओर से 4 से 12 नवंबर तक 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क उपचार एवं परामर्श अभियान संचालित किया गया है। इसका उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों से जलने अथवा आंखों में चोट लगने की स्थिति में बच्चों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना था। अभियान के दौरान दीपावली के दिन भी कई बच्चों को उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसी दौरान नोखा मंडी निवासी 14 वर्षीय कन्हैयालाल को पटाखे की चपेट में आने से आंख में गंभीर चोट लगने पर आपातकालीन स्थिति में अस्पताल लाया गया।
जांच में सामने आया कि पटाखे के विस्फोट से बालक की आंख का एक हिस्सा फट गया था तथा आंख के अंदर पटाखे के टुकड़े और बारूद के कण रह गए थे। संक्रमण के खतरे को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन करना आवश्यक था। इसके बाद डॉ. अंशुमान गहलोत ने निश्चेतन विशेषज्ञ डॉ. लोकेश अरोड़ा की देखरेख में ऑपरेशन किया। इस दौरान आंख की सफाई कर उसमें मौजूद पटाखों के अवशेष एवं बारूद के कणों को निकालने की प्रक्रिया पूरी की गई।
डॉ. गहलोत ने बताया कि ऑपरेशन के बाद बालक की आंख की स्थिति में सुधार आने लगा है। समय पर उपचार मिलने से आंख को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

