नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में खुशखबरी: मादा बाघ चमेली ने शावक को दिया जन्म
जयपुर, 03 मई (हि.स.)। राजधानी के नाहरगढ़ जैविक उद्यान (बायोलॉजिकल पार्क) से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी आई है। यहाँ महाराष्ट्र से लाई गई मादा बाघ चमेली ने रविवार को एक शावक को जन्म दिया है। नए मेहमान के आगमन के साथ ही उद्यान प्रशासन ने सुरक्षा और मॉनिटरिंग के कड़े इंतजाम किए हैं।
उपवन संरक्षक (वन्यजीव) चिड़ियाघर ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि नर बाघ गुलाब और मादा बाघ चमेली को 6 अगस्त 2024 को गोरेवाड़ा महाराष्ट्र से नाहरगढ़ जैविक उद्यान लाया गया था। इसके बाद जनवरी माह के प्रथम पखवाड़े में दोनों के बीच मैटिंग हुई थी। रविवार को चमेली ने अपने पहले शावक को जन्म दिया। जिससे पार्क में बाघों का कुनबा बढ़ गया है।
शर्मा ने बताया कि शावक और मादा बाघ दोनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नाहरगढ़ जैविक उद्यान में पदस्थापित वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार माथुर द्वारा उनकी सतत निगरानी की जा रही है। वहीं क्षेत्रीय वन अधिकारी शुभम शर्मा ने सुरक्षा और देखभाल के लिए विशेष टीम तैनात की है। मादा बाघ चमेली और उसके शावक की 24 घंटे मॉनिटरिंग के लिए तीन कार्मिकों की ड्यूटी 'राउंड द क्लॉक' (दिन-रात) लगाई गई है। ताकि किसी भी स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

