home page

नवाचारों व उल्लेखनीय कार्यों के लिए कृषि विवि को सौंपे प्रशस्ति पत्र

 | 
नवाचारों व उल्लेखनीय कार्यों के लिए कृषि विवि को सौंपे प्रशस्ति पत्र


जोधपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने कृषि विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट कार्यो की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय को प्रशस्ति पत्रों से नवाजा है। गौरतलब है कि कुलगुरु प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह जैतावत के दिशा निर्देशन में कृषि विश्वविद्यालय में चल रही विभिन्न परियोजनाएं, नवाचार सहित विभिन्न अनुसंधान कार्यों का जायजा लेने के लिए कृषि आयुक्त ने विश्वविद्यालय का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र, उत्तक संवर्धन प्रयोगशाला, जल व मिट्टी जांच प्रयोगशाला, कृषि वानिकी परियोजना, कृषि संग्रहालय, नर्सरी सहित अन्य जगहों का भ्रमण कर विस्तृत जानकारी ली थी।

इस गउपलब्धि पर कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने आयुक्त गोयल का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रोत्साहना से विश्वविद्यालय में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय इसी तरह प्रदेश के कृषि क्षेत्र में योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहेगा। इस मौके पर उन्होंने विश्वविद्यालय के सभी डीन, निदेशकों, अधिकारियों सहित कृषि वैज्ञानिकों को, उनकी अटूट मेहनत का परिणाम बताते हुए बधाई दी।

इन वैज्ञानिकों को मिले प्रशस्ति पत्र

कृषि आयुक्त की ओर से किसान कौशल विकास केंद्र में 1000 से अधिक कौशल संवर्धन प्रशिक्षण देकर युवाओं व किसानों को रोजगार की राह में आगे बढ़ाने के लिए किसान कौशल विकास केंद्र के प्रभारी डॉ. प्रदीप पगारिया व नोडल अधिकारी डॉ. प्रियंका स्वामी एवं अंतर्राष्ट्रीय सहयोग प्राप्त कृषि वानिकी परियोजना में उत्कृष्ट कार्यो के लिए प्रधान अन्वेषक डॉ. कृष्णा सहारण सहित कृषि महाविद्यालय, सुमेरपुर की सहायक प्रोफेसर व लाइब्रेरी इंचार्ज डॉ. सरिता कुमारी को बेहतरीन पुस्तकालय प्रबंधन के लिए प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया। इस दौरान कृषि विभाग से अतिरिक्त निदेशक, आर मटोरिया, रामावतार सहित विश्वविद्यालय के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान डॉ मोतीलाल मेहरिया ने आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश