home page

नवसंवत्सर धर्मयात्रा को लेकर बीकानेर में तैयारियां तेज, विभिन्न समाजों से जुड़ने का आह्वान

 | 
नवसंवत्सर धर्मयात्रा को लेकर बीकानेर में तैयारियां तेज, विभिन्न समाजों से जुड़ने का आह्वान


बीकानेर, 15 मार्च (हि.स.)। बीकानेर में आगामी 19 मार्च को आयोजित होने वाली नवसंवत्सर धर्मयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय नव वर्ष समारोह समिति के पदाधिकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें और जनसंपर्क कर समाज के विभिन्न वर्गों को इस आयोजन से जोड़ने में जुटे हैं।

मीडिया सह संयोजक दीपक हर्ष के अनुसार समिति कार्यालय में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रांतीय सह-संयोजक शैलेश गुप्ता, महानगर संयोजक कैलाश भार्गव और कार्यक्रम संयोजक उमेश व्यास मौजूद रहे। बैठक में जेठानंद व्यास ने कहा कि वे इसमें विधायक के रूप में नहीं बल्कि संगठन के पूर्व पदाधिकारी के रूप में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा लगाया गया धर्म का पौधा अब विशाल वृक्ष बन चुका है और इसे और सशक्त बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकाधिक जनसंपर्क कर लोगों को धर्मयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया।

इसी क्रम में गंगाशहर स्थित गुर्जर गौड़ भवन में आयोजित बैठक में समाज के लोगों ने धर्मयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया। विभाग संचालक टेकचंद बरडिया ने समाजजनों से एमएम ग्राउंड से निकलने वाली धर्मयात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। इसके अलावा समिति अध्यक्ष गणेश बोथरा और पदाधिकारियों ने पूगल रोड सब्जी मंडी में फल-सब्जी व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें धर्मयात्रा में भाग लेने का निमंत्रण दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव