home page

नवरात्रा 11 से, मेहरानगढ़ में सुबह 7 से शाम 5 पांच तक होंगे मां चामुंडा के दर्शन

 | 
नवरात्रा 11 से, मेहरानगढ़ में सुबह 7 से शाम 5 पांच तक होंगे मां चामुंडा के दर्शन


महिला व पुरुषों के प्रसाद चढ़ाने की अलग-अलग व्यवस्था

जोधपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मेहरानगढ़ दुर्ग में चामुण्डा माताजी के मंदिर में 11 अक्टूबर को आसोजी नवरात्रा का प्रारम्भ घट स्थापना के साथ होगा। नवरात्रा में चामुंडा माता मंदिर में दर्शन की व्यवस्था प्रात: 7 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगी।

मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट के प्रशासक कर्नल अजय सिंह शेखावत ने बताया कि नवरात्रा स्थापना पर सतवर्ती पाठ का संकल्प और थापना का मुहूर्त दोपहर 12.05 से 12.51 बजे के बीच है। पूर्व नरेश गजसिंह व हेमलता राजे इस मुहूर्त के अनुसार मेहरानगढ़ के चामुंडा माता मंदिर में दर्शन व पूजा करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी प्रशासन के सुझावानुसार सुबह 7 बजे जयपोल व फतेहपोल के द्वार दर्शनार्थियों के लिए खोल दिए जाएंगे व शाम 5 बजे तक दर्शनों की व्यवस्था रहेगी। पूरे नवरात्रा के दौरान यही व्यवस्था रहेगी।

जयपोल के बाहर से लेकर मंदिर तक दर्शनों की एक पंक्ति व्यवस्था रहेगी एवं डीएफएमडी गेट से ही जयपोल व फतेहपोल से दर्शनार्थियों को प्रवेश दिया जायेगा। पट्टे पर महिलाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों के लिये आने-जाने की व्यवस्था की गई है वह वहीं से जाएंगे और वहीं से आएंगे। इसी प्रकार पुरुषों एवं युवाओं के लिये सलीम कोट से होते हुए बसन्त सागर से आने-जाने की व्यवस्था की गई है।

मेहरानगढ़ दुर्ग में नवरात्रा के दौरान जयपोल से चामुंडा माताजी मंदिर परिसर तक अलग-अलग स्थानो पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो विभिन्न स्थानों पर दर्शनार्थियों की सुविधा और व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर रखेंगे, इसके साथ ही कंट्रोल रूम की भी स्थापना होगी, जहां से महिला और पुरुष दर्शनार्थियों को दर्शन के निर्देश पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर दिए जाएंगे। प्रशासन की ओर से एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जा रही है जो जयपोल के बाहर तैनात रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश