home page

दीपावली से पहले शहर को चमकाने का मिशन

 | 
दीपावली से पहले शहर को चमकाने का मिशन


दीपावली से पहले शहर को चमकाने का मिशन कार्यभार संभालते के बाद पहली बैठक में महापौर ने अधिकारियों को दिया लक्ष्य

जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नगर निगम में नवनिर्वाचित महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने कार्यभार संभालते के बाद गुरुवार को मारवाड़ कन्वेंशन सेंटर में निगम अधिकारियों के साथ पहली बैठक ली। बैठक में महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने शहर की सफाई, रोशनी, सडक़ों और सीवरेज व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य देते हुए कहा कि दीपावली से पहले पूरा शहर साफ और रोशन नजर आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के किसी भी पोल पर स्ट्रीट लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए और सडक़ों पर गड्ढे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने अधिकारियों से कहा कि दीपावली से करीब पांच-सात दिन पहले वे स्वयं शहर का औचक दौरा करेंगे। इस दौरान सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और सडक़ों की स्थिति में कमी मिली तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले शहर की सभी गलियों और प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।

उन्होंने लंबे समय से अधूरी पड़ी सडक़ों और सीवरेज कार्यों पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जिन जगहों पर निर्माण कार्य के कारण सडक़ें उखड़ी हुई हैं, वहां तत्काल अस्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन को आने-जाने में परेशानी न हो। सडक़ निर्माण के दौरान जलभराव की समस्या को ध्यान में रखते हुए सडक़ और नाली का स्तर सही रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में उप महापौर विजय सिंह पंवार, आयुक्त राहुल जैन, उपायुक्त कंचन राठौड़, ललित सिंह, प्रशिक्षु आईएएस उमेश कुमार मीणा, उपायुक्त रणवीर देथा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संपत मेघवाल, एक्सईएन, कार्यालय अधीक्षक सलामतुल्लाह खान, सुबोध शंकर व्यास सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे। एक दिन, एक घंटा शहर के नाम करें

महापौर ने शहरवासियों से जनभागीदारी की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक दिन एक घंटा शहर की स्वच्छता के लिए दे। जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी भावना से सार्वजनिक स्थानों की सफाई में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि निगम और जनता मिलकर काम करेंगे तो शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकेगा। महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था को लेकर कहा कि निगम में तैनात कर्मचारियों की संख्या, उनकी ड्यूटी और उनके कार्यक्षेत्र की स्पष्ट निगरानी होनी चाहिए। कर्मचारियों पर केवल अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ाने के बजाय बेहतर व्यवहार और समन्वय के साथ उनसे काम लिया जाए। अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और लगातार लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।

बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों को शहर में चल रहे विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति से अवगत कराने के लिए फील्ड विजिट कराने पर भी जोर दिया गया। इसके माध्यम से पार्षदों को निगम की परियोजनाओं, सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखने का अवसर मिलेगा। महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने दीपावली पर शहर को आकर्षक और रोशनी से जगमगाने के लिए नगर निगम की ओर से बाजारों और मोहल्लों के बीच स्वच्छ एवं सुंदर सजावट की प्रतियोगिता कराने का प्रस्ताव रखा। महापौर ने कहा कि स्थानीय बाजार और मोहल्ले अपने स्तर पर बेहतर सजावट करें और शहर को सुंदर बनाने में निगम का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश