home page

दीपावली पर पांच परिवारों को मिला खुशियों का तोहफा

 | 
दीपावली पर पांच परिवारों को मिला खुशियों का तोहफा


जोधपुर, 06 नवम्बर (हि.स.)। दीपावली के पावन पर्व के बीच जोधपुर नगर निगम ने पांच परिवारों को खुशियों की सौगात दी है। लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति का इंतजार कर रहे पांच युवाओं को आखिरकार सरकारी नौकरी मिल गई। महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने पांचों पात्र युवाओं को उनके परिजनों की मौजूदगी में नियुक्ति पत्र सौंपे।

इस अवसर पर महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का प्रयास है कि अनुकंपा नियुक्ति के पात्र लोगों के प्रकरणों का विभिन्न सरकारी विभागों और निकायों में समयबद्ध निस्तारण हो।

इसी भावना के अनुरूप जोधपुर नगर निगम में लंबे समय से लंबित अनुकंपा नियुक्ति के मामलों की फाइलों की गहनता से जांच की गई। पात्रता सुनिश्चित होने के बाद पहले चरण में पांच युवाओं को नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया और आज परिजनों की मौजूदगी में अंकित, रविंद्र, सलीम, अमरेंद्र और संपत शामिल हैं। इन सभी युवाओं के नियुक्ति पत्र सौंपे गए। वही नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सफाई कर्मचारियों के साथ ही उनके परिजनों के खुशी के आंसू छलक उठे और उन्होंने महापौर प्रसन्न चंद मेहता उप महापौर विजय सिंह पंवार और नगर निगम का आभार जताया। इस अवसर पर उपमहापौर विजय सिंह पंवार पार्षद अमरलाल वर्गी, उपायुक्त स्वरूप सिंह सिसोदिया, कार्यालय अधीक्षक सुबोध शंकर व्यास सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।

अनुकंपा नियुक्ति पत्र देने के दौरान महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने एक अनूठी पहल भी की। उन्होंने सभी नवनियुक्त सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई और शहर को स्वच्छ रखने में पूरी जिम्मेदारी से योगदान देने का संदेश दिया, साथ ही युवाओं से नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने और यदि वे किसी प्रकार के नशे के आदी हैं तो उसे छोडऩे का आह्वान किया। महापौर ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर युवा न केवल अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं, बल्कि अपने परिवार के हितों का भी ध्यान रख सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश