home page

दस सेकंड में साफा बांध मैक्सिको के कपल ने जीता दिल, मूंछों में ‘ब्रह्मा’ लिखकर प्रतिभागी ने दिखाई राजस्थानी शान

 | 
दस सेकंड में साफा बांध मैक्सिको के कपल ने जीता दिल, मूंछों में ‘ब्रह्मा’ लिखकर प्रतिभागी ने दिखाई राजस्थानी शान


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में शनिवार को राजस्थान की परंपरा और विदेशी मेहमानों का अनूठा संगम देखने को मिला। मेला ग्राउंड में आयोजित साफा बांधने और तिलक प्रतियोगिता में विदेशी सैलानियों ने राजस्थानी अंदाज अपनाया तो वहीं बाद में हुई मूंछ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी मूंछों की लंबाई, बनावट और अनूठे अंदाज से दर्शकों का ध्यान खींचा।

साफा बांधने की प्रतियोगिता में मैक्सिको के कपल ने महज 10 सेकंड में साफा बांधकर पहला स्थान हासिल किया। इटली का कपल दूसरे और इंग्लैंड का कपल तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में 10 से अधिक देशों से आए करीब 20 विदेशी कपल ने उत्साह के साथ भाग लिया। विदेशी मेहमानों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा बांधा और तिलक लगाकर इस रंगीन परंपरा का अनुभव लिया। विजेता कपल को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।

मैक्सिको की बेटी बेट्टी ने जीत के बाद खुशी जताते हुए बताया कि शुरुआत में वह प्रतियोगिता को लेकर थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन हिस्सा लेने के बाद उन्हें खूब आनंद आया।

उन्होंने भारत और यहां के खान-पान की भी तारीफ की तथा पानीपुरी का खास तौर पर जिक्र किया।

इसके बाद मेला ग्राउंड में आयोजित पारंपरिक मूंछ प्रतियोगिता में राजस्थान की अलग-अलग जगहों से आए करीब 40 प्रतिभागियों ने अपनी मूंछों का दम दिखाया। किसी ने घनी और लंबी मूंछों से दर्शकों का ध्यान खींचा तो किसी ने मूंछों को अनोखा आकार देकर राजस्थानी संस्कृति की झलक पेश की। एक प्रतिभागी ने करीब 10 इंच लंबी मूंछों से ‘ब्रह्मा’ लिखकर सभी को चौंका दिया, जबकि एक अन्य प्रतिभागी ने मूंछों के जरिए ‘जय पुष्कर राज’ का अंदाज दिखाया।

मूंछ प्रतियोगिता में जयपुर के कमलेश गुर्जर विजेता रहे।

जोधपुर के प्रशांत वर्मा ने दूसरा और कोटा के धन्नालाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जयपुर, जोधपुर, पाली, अजमेर और भीलवाड़ा सहित राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी पहुंचे थे। खास बात यह रही कि पूर्व सैनिकों और सरकारी शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

दिनभर प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों के बाद शाम को पुष्कर के पवित्र घाटों पर महाआरती का आयोजन होगा।

इसके बाद रात में मेला ग्राउंड राजस्थानी लोक संस्कृति के रंग में रंगेगा। पद्मश्री अनवर खान, कालबेलिया नृत्यांगना गुलाबो सहित अन्य कलाकार लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक संगीत की प्रस्तुतियां देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित