तकनीकी कार्यों के कारण जोधपुर मंडल की पांच ट्रेनें प्रभावित
जोधपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। मध्य रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे में चल रहे तकनीकी कार्यों का असर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल पर संचालित पांच प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा। इन कार्यों के चलते एक ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी, जबकि चार सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तिथियों में निर्धारित समय से देरी से होगा।
जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मध्य रेलवे के पुणे मंडल के वाठार यार्ड में दोहरीकरण कार्य के तहत नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेन संख्या 20475 बीकानेर-मिराज सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस 10 अगस्त को बीकानेर से पुणे तक ही संचालित होगी। वहीं वापसी में 20476 मिराज-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 11 अगस्त को मिराज के बजाय पुणे से बीकानेर के लिए रवाना होगी। इससे ट्रेन के इस फेरे में पुणे-मिराज रेलखंड पर ट्रेन का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।
वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में कानपुर सेंट्रल-टूंडला रेलखंड के बीच पनकी धाम स्टेशन पर नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, चौथी लाइन बिछाने और यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते चार सुपरफास्ट ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहेगा।
इसके तहत 12324, बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 29 जुलाई को बाड़मेर से अपने निर्धारित समय से दो घंटे देरी से रवाना होगी। ट्रेन संख्या 22308, बीकानेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस उसी दिन बीकानेर से ढाई घंटे देरी से चलेगी। इधर ट्रेन संख्या 12307 हावड़ा-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 22 और 23 जुलाई को हावड़ा से प्रस्थान करने पर प्रयागराज मंडल में 1 घंटा 40 मिनट तथा 30 जुलाई को 30 मिनट रेगुलेट रहेगी। वहीं ट्रेन 22307 हावड़ा-बीकानेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 24 जुलाई को हावड़ा से रवाना होने पर प्रयागराज मंडल में 1 घंटा 40 मिनट रेगुलेट रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

